बाड़मेर : गुड़ामालानी में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत

बाड़मेर। गुड़ामालानी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। बाड़मेर रोड स्थित धोलानाड़ा सर्किल के पास सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो गाड़ी RGT कंपनी में लगी हुई बताई जा रही है। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही RGT पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान और वाहन चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।