चूरू बाइपास स्थित मन्नत मोटर्स में आगजनी, 18 कारें जलकर राख
शनिवार रात करीब 10 बजे झुंझुनूं शहर के चूरू बाइपास पर स्थित मन्नत मोटर्स वर्कशॉप में बदमाशों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वर्कशॉप में मरम्मत के लिए खड़ी 18 कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग इतनी भीषण थी कि धमाकों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई।
पहले की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप
वर्कशॉप संचालक नासिर राठौड़ का आरोप है कि पांच दिन पहले तोड़फोड़ और पेट्रोल बम फेंकने की शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। नामजद रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज देने के बाद भी न आरोपियों से पूछताछ हुई और न ही गिरफ्तारी।
सीसीटीवी में कैद वारदात, जमीन विवाद की आशंका
सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों को आग लगाते देखा गया है। संचालक के अनुसार यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी रंजिश का परिणाम है और पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं।
तीन दमकलों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू
आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकलों को डेढ़ घंटे में कई फेरे लगाने पड़े। वर्कशॉप का ढांचा, मशीनें और औजार पूरी तरह नष्ट हो गए।
स्थानीयों में रोष
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती, तो यह बड़ा नुकसान टल सकता था।
