करोड़ों का नुकसान: बाड़मेर में कुलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग

बाड़मेर।
शनिवार दोपहर बाद बाड़मेर में स्थित एक कुलर निर्माण फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री परिसर से घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग की चपेट में फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, तैयार कुलर और बाहर रखे प्लास्टिक/केमिकल ड्रम आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री के कारण आग भड़की हो सकती है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और फैक्ट्री प्रबंधन से भी जानकारी ली जा रही है।


📍 बाड़मेर से रिपोर्ट: हनुमान जाखड़
The Barmer Info