बाड़मेर।
सड़क निर्माण कार्य से जुड़े विवाद में ठेकेदार भवानी सिंह द्वारा माफीनामा जारी किए जाने के बाद सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल का कड़ा बयान सामने आया है। सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सिर्फ माफी मांग लेने से अपराध समाप्त नहीं हो जाता और कानून अपना काम करेगा।
सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि जिस तरह ठेकेदार द्वारा अमर्यादित, अभद्र और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया गया, उससे उसकी सामंतवादी और अहंकारी सोच साफ झलकती है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को यह समझना चाहिए कि आज देश संविधान और कानून से चलता है, किसी की दबंगई और धमकियों से नहीं।
उन्होंने कहा कि घटना के दौरान सामने एक बुजुर्ग व्यक्ति मौजूद था, इसके बावजूद उसे जातिगत शब्दों से अपमानित करना और डराने-धमकाने का प्रयास करना बेहद निंदनीय है। ऐसा व्यवहार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि मानवता को भी शर्मसार करने वाला है।
सांसद बेनीवाल ने सवाल उठाया कि एक ओर सड़क निर्माण में घटिया और नियमों के खिलाफ काम किया गया, वहीं दूसरी ओर जब इस पर सवाल उठे तो लोगों को धमकाने का दुस्साहस किया गया। उन्होंने कहा कि माफी मांग लेना एक अलग विषय है, लेकिन इससे किए गए अपराध स्वतः समाप्त नहीं हो जाते।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस आक्रामकता और जोश के साथ ठेकेदार द्वारा बयान दिए गए, वह बेहद चिंताजनक है। ऐसे मामलों में सख्त और उचित कार्रवाई जरूरी है, ताकि कानून का डर बना रहे और भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की भाषा, व्यवहार और धमकी देने की हिम्मत न कर सके।
सांसद ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता का कानून पर भरोसा बना रहे।
