राजस्थान में दर्दनाक हादसा — स्कॉर्पियो में जिंदा जला युवक!

जानवर से बचने के चक्कर में हादसा, डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में जा घुसी गाड़ी!

पाली (राजस्थान):
पाली जिले के गुड़ा एंदला क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ब्यावर-पिंडवाड़ा (NH-162) हाईवे पर जानवर से बचने के चक्कर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रहे मिनी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई और उसमें सवार युवक जिंदा जल गया

गुड़ा एंदला SHO घेवरराम डांगी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे किरवा के पास हुआ। पाली से सुमेरपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो के सामने अचानक एक जानवर आ गया, जिसे बचाने के लिए ड्राइवर ने ब्रेक लगाया, लेकिन गाड़ी बेकाबू होकर दूसरी साइड जा टकराई।

टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में आग भड़क गई। मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका।

घायल: मिनी ट्रक चालक रवि जाट (40), निवासी गोगामेड़ी, जिला हनुमानगढ़ हादसे में घायल हुआ है। उसे पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक में दवाइयों का सामान लदा था और वह पंजाब से मुंबई जा रहा था।